
अल्मोड़ा। ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के अंतर्गत नवनियुक्त कार्मिकों के लिए आयोजित दो दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम संपन्न हो गया। 20 एवं 21 मार्च को आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में किया गया, जिसमें एनआरएलएम द्वारा गठित और ग्रामोत्थान (रीप) के तहत चयनित क्लस्टरों के कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन जिला स्तरीय कार्मिकों के साथ हवालबाग, लमगड़ा, धौलादेवी, भैंसियाछाना और द्वाराहाट विकासखंडों के चयनित सीएलएफ के नवनियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रबंधन इकाई के सहायक प्रबंधक (संस्थाएं एवं समावेशन) ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने परियोजना से संबंधित प्रक्रियाओं, दस्तावेजीकरण और रिपोर्टिंग को समयबद्ध व व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। इसके बाद सहायक प्रबंधक (लाइवलीहुड) सुनील जोशी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से समूह सदस्यों की आजीविका सुदृढ़ करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। परियोजना निदेशक के०एन० तिवारी ने प्रशिक्षणार्थियों को अपने दायित्वों का निर्वहन समर्पण के साथ करने और अर्जित ज्ञान का उपयोग कर महिलाओं के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक (संस्थाएं एवं समावेशन) संदीप सिंह, सहायक प्रबंधक (मूल्यांकन एवं अनुश्रवण) दीपक चंद रमोला, यंग प्रोफेशनल उत्कर्ष गुप्ता सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे। प्रशिक्षण में लगभग 70 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

