
देहरादून (आरएनएस)। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला स्थित जंगल में 11 मार्च को मिली महिला की सड़ी-गली लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दूसरी पत्नी से बात करने का विरोध करने पर गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपी रंजीत शर्मा मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का निवासी है। वर्ष 2009 में उसकी शादी रूपा से हुई थी, लेकिन 2021 में रूपा ने उसे छोड़कर दूसरे युवक से विवाह कर लिया। इसके बाद रंजीत ने सुशीला नाम की महिला से शादी कर ली। करीब एक वर्ष पहले रूपा अपने दूसरे पति को छोड़कर वापस रंजीत के पास आ गई और उसके साथ 11 माह की बेटी भी थी।
बताया गया कि रूपा लगातार रंजीत पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। पांच मार्च को रंजीत दूसरी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था, तभी रूपा ने उसका फोन छीन लिया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर रंजीत ने रूपा का गला दबाकर हत्या कर दी और आठ मार्च को शव को बोरे में भरकर मांडूवाला के जंगल में फेंक दिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र की मलिन बस्तियों में रहने वाले करीब पांच हजार लोगों का सत्यापन किया और आठ टीमों का गठन कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि रंजीत होली के बाद अकेले काम पर जा रहा था, जिससे पुलिस को शक हुआ।
ठेकेदार से पूछताछ में सामने आया कि रंजीत आठ मार्च को उसकी बाइक लेकर गया था। पुलिस जब उसे पकड़ने भाटोवाला पहुंची तो वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी घटना कबूल कर ली।

