
दमोह (आरएनएस)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक युवक की हत्या के बाद आरोपी द्वारा शव के साथ की गई अमानवीय हरकत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अर्थखेड़ा गांव निवासी भरत विश्वकर्मा अपनी बहन से मिलने बाइक से समन्ना गांव जा रहा था। बताया जाता है कि वह जैसे ही बहन के घर के पास पहुंचा, तभी एक व्यक्ति ने उस पर अचानक हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल भरत जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने लोहे की रॉड से भी उस पर कई वार किए।
हैवानियत की हद तो तब पार हो गई, जब वह हत्यारा बीच सड़क पर मृतक युवक का मांस खाने और उसका खून पीने लगा। आसपास के लोग अपने घरों से यह दृश्य देखते रहे और कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में आरोपी आक्रामक स्थिति में था और उसे पकड़ने में पुलिस व स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में लोगों की मदद से उसे काबू कर पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
घायल भरत विश्वकर्मा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से कोई आपसी विवाद नहीं था। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

