
अल्मोड़ा। स्वतंत्रता सेनानी रामसिंह धौनी की 133वीं जयंती मंगलवार को सिकुड़ा बैंड स्थित रामसिंह धौनी पार्क में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता दयाकृष्ण कांडपाल ने की, जबकि संचालन ट्रस्ट के महासचिव भूपेंद्र नेगी ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश पांडे, वरिष्ठ वैज्ञानिक हेमंत पांडे, सभासद दीपक कुमार और अनुप भारती समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वक्ताओं ने रामसिंह धौनी के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अल्प जीवन में देश के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि धौनी का योगदान अद्वितीय रहा है और उनके आदर्श आज भी प्रेरणा देते हैं। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि रामसिंह धौनी का जीवन सभी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने बताया कि धौनी ने सबसे पहले ‘जय हिंद’ का नारा दिया था और वे शक्ति अखबार के संपादक भी रहे। उन्होंने रामसिंह धौनी पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए विधायक निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही अल्मोड़ा-लमगड़ा मोटर मार्ग का नामकरण उनके नाम पर करने का प्रस्ताव सरकार को भेजने की बात कही। कार्यक्रम में मानस पब्लिक स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, राजेंद्र सिंह बिष्ट, कमल कुमार बिष्ट, एसडी तिवारी, हयात सिंह, हेमंत पांडे, गोपाल सिंह नयाल, एसएस पथनी, पूनम जोशी, कमल पांडे, रूप सिंह, जसौद सिंह बिष्ट सहित कई लोग मौजूद रहे। ट्रस्ट से जुड़े हरिता नेगी, बीना गैड़ा, पंकज टम्टा, सुनीता बिष्ट और अरविंद बिष्ट सहित अन्य कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही।



