
अल्मोड़ा। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विकासखंड लमगड़ा की न्याय पंचायत चायखान और विकासखंड ताकुला की न्याय पंचायत ढोनीगाड़ में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित किया। प्रशासन के अनुसार दोनों शिविरों के माध्यम से कुल 483 लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला। शिविरों में प्रमाण पत्र जारी करने, पेंशन से जुड़े प्रकरणों के निस्तारण, स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्व संबंधी मामलों, सामाजिक कल्याण, कृषि और अन्य विभागीय सेवाओं से जुड़े कार्यों का मौके पर समाधान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। ग्रामीणों ने शिविरों में अपनी समस्याओं के समाधान पर संतोष जताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

