
देहरादून(आरएनएस)। सेना के रिटायर लांस नायक के खिलाफ नौकरी के दौरान का पहचान पत्र रखने और अन्य धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज हुआ है। सेना के मेजर की शिकायत पर क्लेमनटाउन थाना पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ क्लेमनटाउन मोहन सिंह ने बताया कि मेजर विशाग सीपी ने तहरीर दी। कहा कि रिटायर लांस नायक प्रेम सिंह पुत्र लखपत सिंह निवासी गोपेश्वर, चमोली के पास सेना के सेवा काल का पहचान पत्र पाया गया। नियमानुसार सेवानिवृत्ति के बाद यह पहचान पत्र विभाग की संपत्ति होती है और इसे पास रखना कानूनन अपराध है।। इसके अतिरिक्त आरोपी के पास से दो कैंटीन स्टोर डिपार्टमेंट कार्ड भी मिले। जो नायक अब्बल सिंह और दिवंगत सिपाही प्रदीप सिंह की पत्नी जयंती देवी के नाम पर जारी थे। आरोपी इन कार्डों का उपयोग अवैध रूप से लाभ उठाने के लिए कर रहा था। एसओ मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


