
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत रविवार को महिला कोतवाली की टीम ने लोधिया क्रिकेट मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को जागरूक किया। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी महिला कोतवाली जानकी भंडारी के नेतृत्व में महिला पुलिस टीम ने खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया। इस दौरान नशे से संबंधित गोपनीय सूचना देने के लिए मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी भी दी गई। अभियान के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता माह को लेकर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के बारे में जानकारी साझा की गई। उपस्थित लोगों को आपात स्थिति में डायल 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के संबंध में भी अवगत कराया गया।



