
अल्मोड़ा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय अल्मोड़ा के अधीन संचालित शिक्षण एवं मार्गदर्शन केंद्र द्वारा प्रदेश के निर्धन वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को समूह ‘ग’ एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग प्रदान करने की तैयारी की गई है। सेवायोजन अधिकारी विक्रम ने बताया कि यह सुविधा उन अभ्यर्थियों के लिए है, जिन्होंने इण्टरमीडिएट उत्तीर्ण किया है और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कोचिंग के लिए वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जो उत्तराखंड के किसी सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत हों और निर्धन वर्ग के परिवार से संबंधित हों। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त आवेदक के पास सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, बीपीएल कार्ड अथवा वार्षिक पारिवारिक आय 2,50,000 रुपये से कम होने का प्रमाणपत्र, खाद्य सुरक्षा योजना का सफेद कार्ड या अंत्योदय कार्ड होना आवश्यक है। शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र—हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, स्नातक एवं स्नातकोत्तर की अंकतालिकाएं, जाति प्रमाणपत्र (यदि अभ्यर्थी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग से है) और स्थायी निवास प्रमाणपत्र भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी औपचारिक दस्तावेजों के साथ क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, अल्मोड़ा में उपस्थित होकर 20 दिसम्बर 2025 तक पंजीकरण करा सकते हैं।

