
श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)। गढ़वाल विवि के बीएससी बायोटेक्नोलॉजी विभाग के छात्र ने मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के डॉक्टरों पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। इधर बेस चिकित्सालय के एम एस डॉ राकेश रावत ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को भेजे ज्ञापन में छात्र श्रीकांत, गोविंद, नितिन, अमन, अंकित ने कहा कि बीते 28 अगस्त को गढ़वाल विवि के बीएससी बायोटेक्नोलॉजी के छात्र आकाश बोहरा के हॉस्टल में खेलते समय पैर में लोहे का सरिया लग गया था। जिसके चलते वह बेस चिकित्सालय इंजेक्शन लगाने पहुंचे थे। एक सप्ताह बाद आकाश को पूरे शरीर पर रैशेज, भयंकर सूजन और असहनीय दर्द होना शुरू हुआ। डॉक्टरों ने तीन सप्ताह तक केवल दवाइयाँ देकर मामला टाल दिया। जब दिल्ली एम्स में जांच हुई तो पता चला कि गलत इंजेक्शन के कारण आकाश के बाएं कंधे में पोस्टीरियर लेब्रल सिस्ट बन गया है, जिससे हड्डियाँ पूरी तरह से कमजोर हो रही हैं और तत्काल 2 लाख रुपये की सर्जरी की जानी है। छात्रों ने गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही की तत्काल उच्च स्तरीय जांच किए जाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, पूरा इलाज सर्जरी सहित पीड़ित छात्र को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

