
अल्मोड़ा। धौलछीना क्षेत्र की एक 18 वर्षीय युवती को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर बागेश्वर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। युवती के परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 13 नवंबर को युवती बिना बताए धौलछीना बाजार से कहीं चली गई थी। परिजनों ने 14 नवंबर को थाना धौलछीना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील सिंह बिष्ट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गोकुल प्रसाद टम्टा और हेड महिला कांस्टेबल मुन्नी देवी ने खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए पता लगाया कि युवती जनपद बागेश्वर में है। तत्पश्चात 17 नवंबर को उसे सकुशल बरामद कर आवश्यक काउंसिलिंग के बाद परिजनों को सुपुर्द किया गया। परिजनों ने पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।

