
पिथौरागढ़। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में जिले भर की न्याय पंचायतों में सुशासन दिवस का आयोजन किया गया। जहां क्षेत्र के किसानों को किसान बिल, किसान निधि की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को लोकल उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। शुक्रवार को जिले भर की विभिन्न न्याय पंचायतों में सुशासन दिवस का आयोजन किया गया। जहां लोगों को किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री का संबोधन, किसानों के खाते में पीएम किसान की सातवीं किस्त हस्तगत करने संबंधी जानकारी दी। इसके अलावा लोगों को किसान बिल की जानकारी भी दी गई। जिससे होने वाले लाभों को लोगों को बताया गया। वहीं कनालीछीना में आयोजित सुशासन दिवस पर ब्लॉक प्रमुख सुनीता कन्याल, खंड विकास अधिकारी घनश्याम जोशी, ग्राम विकास अधिकारी प्रदीप भट्ट, प्रधान दीपक थापा आदि मौजूद रहे। बुंगाछीना में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी शिवानी विश्वकर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज कुमार, ग्राम प्रधान बब्लू शर्मा पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।

