
रुड़की(आरएनएस)। मोहम्मदपुर मोहनपुरा में नवविवाहिता के घर आकर पति और उसकी भाभी ने पिटाई कर दी। आरोप है कि पति ने नवविवाहिता का सिर दीवार से इतनी जोर से पटक दिया कि उसका सिर फट गया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर मोहनपुरा निवासी एक युवती की शादी सात मार्च 2024 को झबरेड़ा क्षेत्र निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही किसी बात को लेकर पति ने नवविवाहिता की पिटाई करनी शुरू कर दी थी। इस बात से नाराज होकर वह अपने मायके में आ गई। कुछ दिन बाद पति अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा। लेकिन महिला ने जाने से साफ मना कर दिया। शुक्रवार को पति अपनी भाभी के साथ फिर से ससुराल पहुंचा। आरोप है कि यहां पर उसने पत्नी को साथ चलने के लिए कहा। लेकिन उसने फिर से मना कर दिया। इस बात से नाराज होकर पत्नी की पिटाई कर दी। शोर मचाने पर आरोपी पति वहां से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

