
देहरादून(आरएनएस)। रायवाला-कांसरो के बीच रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य के चलते दून आने और यहां से जाने वाली चार ट्रेनें प्रभावित रहीं। देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर रद्द रही। लाहौरी और राप्तीगंगा एक्सप्रेस हरिद्वार तक आई और वहीं से वापस लौटी। जबकि शताब्दी एक्सप्रेस एक घंटे देरी से देहरादून पहुंची। देहरादून से भी इस ट्रेन को एक देरी से रवाना किया गया। ट्रेनों के प्रभावित रहने से रेल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। डिप्टी स्टेशन अधीक्षक पंकज वर्मा ने बताया कि गुरुवार को कांसरो-रायवाला के बीच ट्रैक पर कुछ काम हुआ। काम के लिए देहरादून और ऋषिकेश की ट्रेनें प्रभावित रही हैं। देहरादून से सहारनपुर और सहारनपुर से देहरादून आने वाली पैसेंजर ट्रेन रद्द रही। अमृतसर से आने वाली लाहौरी और गोरखपुर से आने वाली राप्तीगंगा हरिद्वार तक आई और वहीं से वापस रवाना हुई। बताया कि दिल्ली से आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को एक घंटे तक रायवाला स्टेशन पर रोका गया। देहरादून से भी ट्रेन एक घंटे देरी से दिल्ली के लिए रवाना हुई।

