
रुड़की। पीपली में सड़क किनारे के खेत से धान खरीदने गए दो लोगों को एक टेंपो ने टक्कर मार दी। टक्कर से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा भी गंभीर रूप से घायल है। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस टेंपो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में में जुट गई है। दल्लावाला के सुशील पुत्र ओमप्रकाश की धान की पौध जलभराव से नष्ट हो गई थी। उसे रोपाई के लिए पौध खरीदनी थी। गत दिवस वह पास के तुगलपुर निवासी नरेश पुत्र रतिराम को लेकर पीपली गांव गए थे। दोनो लक्सर हरिद्वार हाईवे के किनारे एक किसान के खेत में खड़ी पौध देख रहे थे। तभी एक टेंपो अचानक अनियंत्रित हो गया, और उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते से दोनों घायल होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने दोनो को सरकारी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने सुशील (50 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल को मरहम पट्टी के बाद घर भेज दिया।

