

हरिद्वार(आरएनएस)। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की एएचटीयू टीम ने लापता 14 वर्षीय छात्र को हरकी पैड़ी क्षेत्र से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। छात्र छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई का रहने वाला है और कक्षा आठ में पढ़ता है। छात्र पिछले तीन महीने से घर से लापता था। छात्र घर से स्कूल के लिए निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। पुलिस के अनुसार, छात्र ऋतिक 30 जून को स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। तलाश के बाद थाना जामुल दुर्ग छत्तीसगढ़ में गुमशुदगी दर्ज कराई।पिता उदय पाल यादव ने बताया कि बेटे की तलाश में उन्होंने तीन माह तक हरसंभव प्रयास किए। बीती तीन अक्तूबर को एएचटीयू हरिद्वार को छात्र के हरकी पैड़ी क्षेत्र में होने जानकारी मिली। पुलिस ने उसे अत्यंत दयनीय अवस्था में रेस्क्यू किया। पूछताछ में सामने आया कि वह चार दिन पहले ट्रेन से छत्तीसगढ़ से लखनऊ, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब होते हुए हरिद्वार पहुंचा था। आवश्यक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद बाल कल्याण समिति के आदेश पर छात्र को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।



