
अल्मोड़ा। जनपद में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने वन विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने जागेश्वर स्थित वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में तैनात बाबू/वन दरोगा नवीन नौटियाल को 25,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। आरोपी ने शिकायतकर्ता जय प्रकाश से लीसा गड़ान-ढुलान कार्य के पंजीकरण नवीनीकरण और लंबित बिलों के भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में वन क्षेत्राधिकारी जागेश्वर का नाम भी सामने आया है, जिन्हें सह-अभियुक्त बनाया गया है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रभागीय वनाधिकारी सिविल सोयम वन प्रभाग प्रदीप धौलाखंडी ने बताया कि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र मिलने के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


