
अल्मोड़ा। कुमाऊं मंडल के सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिकों तथा सैनिक विधवाओं के पुत्रों के लिए सेना, पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों में भर्ती पूर्व निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर 24 अगस्त से 18 अक्टूबर तक प्रसार प्रशिक्षण केंद्र हवालबाग में आयोजित किया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल विजय मनराल (अप्रा.) ने बताया कि कुमाऊं मंडल के सभी जिलों के इच्छुक पात्र अभ्यर्थी अपना नाम और अन्य विवरण 24 अगस्त तक जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, चौघानपाटा, अल्मोड़ा में उपलब्ध करा सकते हैं। प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी की आयु 17 से 21 वर्ष और शैक्षिक योग्यता मैट्रिक में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक निर्धारित है। भारतीय मूल के गोरखा अभ्यर्थियों के लिए केवल 10वीं पास होना आवश्यक है। अभ्यर्थी का वजन 46 किलोग्राम तथा सीना 77 से 82 सेंटीमीटर होना चाहिए। आवेदन के साथ हाईस्कूल/इंटरमीडिएट प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, चिकित्सा प्रमाणपत्र, पिता की डिस्चार्ज बुक, रिकॉर्ड ऑफिस का पार्ट-2 आदेश/रिलेशन सर्टिफिकेट, ईसीएचएस कार्ड तथा 10 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथपत्र प्रस्तुत करना होगा। अधिक जानकारी के लिए 05962-232210 और 230246 पर संपर्क किया जा सकता है।
