
काशीपुर(आरएनएस)। गोसंरक्षण स्क्वॉड टीम ने एक मकान में पशु वध कर रहे पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 153 किग्रा प्रतिबंधित मांस और उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस टीम को देखकर एक आरोपी मौके से फरार हो गया। बुधवार की रात गो संरक्षण स्क्वॉड किच्छा के प्रभारी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया में एक घर में दबिश देकर प्रतिबंधित पशु का वध कर रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये व्यक्तियों ने अपना नाम ग्राम गुलड़िया थाना आईटीआई निवासी सलमान हुसैन पुत्र लियाकत हुसैन और लियाकत हुसैन पुत्र मो.हनीफ बताया। जबकि एक व्यक्ति ग्राम बांसखेड़ी निवासी इस्तेखार पुत्र शराफत मौके से फरार हो गया। टीम ने मौके से 153 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। वहां मांस काटने का चापड़, छुरी,लकड़ी का गुटका, तराजू व बाट भी मिले हैं। टीम ने पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर मांस का परीक्षण कराया। तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

