
हल्द्वानी। नवाबी रोड स्थित आनंदपुरी क्षेत्र में एक युवती के घर में घुसकर छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र की महिलाएं और पार्षद कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार आनंदपुरी कॉलोनी में रहने वाली एक युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ है और अकेली रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवती के माता-पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और वह कच्ची झोपड़ी में रहती है। आसपास के लोग ही उसकी देखभाल में मदद करते हैं। बताया जाता है कि रात के समय उसकी सुरक्षा के लिए बाहर से ताला लगाया जाता है।
आरोप है कि गुरुवार देर रात करीब दो बजे एक टेंपो चालक खिड़की से ईंटें हटाकर युवती के घर में घुस गया। इस दौरान उसने युवती के साथ छेड़खानी की और दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
शुक्रवार को वार्ड-11 के पार्षद रवि जोशी के साथ क्षेत्र की कुछ महिलाएं कोतवाली पहुंचीं और मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई।
कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

