
मसूरी। मसूरी में एक युवक ने ऑनलाइन जहर मंगाकर आत्महत्या कर ली। जिसके बाद अब कोर्ट के आदेश पर ऑनलाइन कंपनी फ्लिपकार्ट के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब्दुल वाहिद (24) मसूरी के खांचा रोड निवासी कैब चालक का कार्य करता था, परंतु कोरोना के चलते उसकी कमाई कम होती गई, जिसकी वजह से वह तनाव में रहने लगा। तनाव इस कदर हावी हो गया कि युवक ने ऑनलाइन जहर मंगाकर गटक लिया। हालत बिगड़ने पर युवक को सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया था। इस दौरान युवक ने बताया कि जहर ऑनलाइन मंगाया था, जिसके बाद युवक की मौत हो गई।
बता दें कि युवक की कैब में जहरीले पदार्थ का रैपर मिला था। परिजनों की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता रहीसुद्दीन ने बताया कि पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ। जिसके बाद कोर्ट में अर्जी दी गई। मामले को लेकर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधांशु शेखर ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। मसूरी थाना के प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि फ्लिपकार्ट के निदेशक प्रवीण सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक अनुभव शर्मा और कार्यवाहक मनोज एस मनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि दो नामजद आरोपियों के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया है और उनके बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला आनलाइन जहर मंगाकर युवक की आत्महत्या कर लेने से जुड़ा हुआ है। कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई एफआईआर में मसूरी थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और साजिश रचने की धारा लगाई है। पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

