
अल्मोड़ा। तंबाकू उत्पादों की बढ़ी कीमतों के बीच थोक व्यापारियों द्वारा मनमाने दाम वसूले जाने के विरोध में भाजपा नेता राजीव गुरुरानी ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में बताया गया कि बजट से पहले कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के चलते जनवरी माह से ही थोक व्यापारियों द्वारा सिगरेट और पान मसाला उत्पादों को निर्धारित प्रिंट रेट से अधिक मूल्य पर बेचा जा रहा था, जिससे छोटे दुकानदारों को न्यूनतम लाभ पर कारोबार करना पड़ा। आरोप लगाया गया कि कार्रवाई केवल छोटे दुकानदारों पर की गई, जबकि थोक व्यापारियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नए प्रिंट रेट लागू होने के बाद भी थोक स्तर पर अधिक कीमत वसूली जारी है, जिससे दुकानदारों को ग्राहकों के सामने असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि इस अनियमितता पर रोक लगाई जाए और छोटे व्यापारियों को राहत दी जाए। साथ ही थोक व्यापारियों की जनवरी माह से अब तक की वास्तविक और बिना जीएसटी की गई बिलिंग की जांच कराने की मांग भी उठाई गई है।

