
अल्मोड़ा। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने कोतवाली द्वाराहाट, कोतवाली चौखुटिया और मासी चौकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सीएलजी मेंबर्स, वार्ड सदस्यों, वरिष्ठ नागरिकों, पुलिस पेंशनरों, टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों सहित स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं को सुना। समस्याओं के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही द्वाराहाट क्षेत्र में आयोजित होने वाले विखौती मेले को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कोतवाली के अभिलेखों, दैनिक अपराध रजिस्टर और जनरल डायरी का अवलोकन करते हुए घटनाओं की जानकारी ली और प्रभारी निरीक्षकों सहित पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। एसएसपी ने कानून व्यवस्था की नियमित समीक्षा, रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस तैनाती बढ़ाने और बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके अलावा पुलिस कर्मियों के भोजन, आवास और बैरक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सुधार के निर्देश दिए गए। नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नियमित वाहन चेकिंग अभियान, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता, साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चलाने और जनसंवाद को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने थाना आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। एसएसपी ने थाना परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कर उन्हें सुचारु बनाए रखने को कहा। अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके।

