
अल्मोड़ा। जिले की कानून व्यवस्था और थानों की कार्यप्रणाली को परखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने गुरुवार को कोतवाली अल्मोड़ा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, कर्मचारी बैरक और भोजनालय सहित अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से जांचा गया। अभिलेखों का भी गहन निरीक्षण कर सभी प्रविष्टियों की स्थिति देखी गई और उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाने के कार्यों की समीक्षा करते हुए बेहतर पुलिसिंग पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चल रहे ‘ऑपरेशन क्रैक डाउन’ के तहत बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को लगातार जारी रखने और बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही लंबित विवेचनाओं, शिकायतों और वारंटों की तामीली की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने में आने वाले शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनने और उनके साथ शालीन व्यवहार करते हुए त्वरित समाधान करने पर भी बल दिया। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय, निरीक्षक अभिसूचना मनोज भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


