
देहरादून(आरएनएस)। शिक्षा और खेल दोनों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक एवं सकारात्मक परिवर्तन परिलक्षित हो रहे हैं। यह बात मंगलवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत श्री गुरू राम राय इंटर कॉलेज मोथरोवाला में आयोजित सत्र 2026-27 के प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कही। उन्होंने कहा कि यह नीति विद्यार्थियों के समग्र विकास, कौशल उन्नयन व आधुनिक, रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यालयों में खेल गतिविधियों को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। हाल ही में आयोजित देशव्यापी सांसद खेल महोत्सव में हरिद्वार संसदीय क्षेत्र से स्कूली विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी इस तथ्य का स्पष्ट प्रमाण है कि शिक्षा के साथ- साथ खेलों के प्रति भी विद्यार्थियों में उत्साह और जागरूकता निरंतर बढ़ रही है। जो उनके शारीरिक मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, प्रधानाचार्य दिनेश डोबरियाल, पूर्व विधायक मुकेश कोली, पूर्व राज्यमंत्री श्री खेम पाल सहित विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

