
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के तहत सोमवार को जिलेभर में पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। घर-घर पहुंचकर किरायेदारों, मजदूरों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान लापरवाही बरतने पर आठ मकान मालिकों के खिलाफ कुल 70 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई, जबकि 78 बाहरी व्यक्तियों पर भी कार्रवाई हुई। जनपद में सभी थाना और कोतवाली क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान सैकड़ों लोगों की जांच की गई और बिना सत्यापन रह रहे लोगों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालान किए गए। कोतवाली अल्मोड़ा क्षेत्र में करीब 140 लोगों की जांच के दौरान दो मकान मालिकों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 33 बाहरी व्यक्तियों पर कार्रवाई हुई। रानीखेत में एक मकान मालिक पर 5 हजार रुपये, द्वाराहाट में एक पर 10 हजार रुपये और भतरौजखान क्षेत्र में दो मकान मालिकों पर कुल 20 हजार रुपये का चालान किया गया। लमगड़ा और दन्या क्षेत्र में भी एक-एक मकान मालिक पर क्रमशः 5 हजार और 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अन्य क्षेत्रों में भी बिना सत्यापन रह रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने मकान मालिकों और ठेकेदारों को चेतावनी दी कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी बाहरी व्यक्ति को किराए पर न रखें। साथ ही आमजन को भी जागरूक करते हुए कहा गया कि नियमों का पालन न करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

