
रुड़की(आरएनएस)। ग्राम मुंडलाना में गो तस्करी की शिकायत करने से नाराज दबंगों ने एक व्यक्ति को घर में घुसकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने पीड़ित की बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी, जिसकी पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। टांडा भंहेडा निवासी रोहताश अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बीते चार मार्च को मुंडलाना गांव में अपने परिचित राव अख्तर के घर गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे गांव के ही संजय, सोनू, तालिब, गालिब, आमिल और तसव्वर एक राय होकर घर में घुस आए और उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर क्षेत्र में पशु तस्करी की गतिविधियों में लिप्त रहते हैं। रोहताश ने पूर्व में इनकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी, जिससे ये लोग उससे रंजिश रखने लगे थे। हमले में रोहताश के हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान आरोपियों ने रोहताश की बाइक को भी बुरी तरह तोड़ दिया। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा, लेकिन आरोपियों ने काफी दूर तक उसका पीछा किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज के साक्ष्यों के साथ पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

