
अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान अल्मोड़ा में बुधवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अल्मोड़ा नगर निगम के महापौर अजय वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कृषक गोष्ठी में वैज्ञानिकों ने रबी फसलों और सब्जियों की उन्नत उत्पादन तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जैविक खेती, जल संरक्षण उपायों और कृषि यंत्रीकरण पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद कोडिशिया ट्रेड फेयर कॉम्प्लेक्स, कोयंबटूर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन और देश के 9.75 करोड़ किसानों को लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की धनराशि बैंक खातों में हस्तांतरण के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। संस्थान के निदेशक लक्ष्मी कान्त ने स्वागत वक्तव्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों से इसका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने संस्थान के नवाचारों, तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। मुख्य अतिथि अजय वर्मा ने कहा कि यह संस्थान किसानों के हित में लगातार कार्यरत है और नए अनुसंधानों तथा तकनीकों को किसानों तक पहुंचाकर उनकी आय वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना ने देश के करोड़ों अन्नदाताओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है और यह राशि बीज, उर्वरक, सिंचाई तथा अन्य कृषि निवेशों में उपयोगी साबित हो रही है। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों की भागीदारी रही। किसानों ने प्रधानमंत्री का संबोधन ध्यानपूर्वक सुना और योजना की आगामी किस्तों को लेकर उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर संस्थान के वैज्ञानिक, अधिकारी और कर्मचारी सहित 330 किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कामिनी बिष्ट और धन्यवाद ज्ञापन कुशाग्रा जोशी ने किया।

