
रुड़की(आरएनएस)। गंगनहर पटरी मार्ग पर राना स्टील फैक्ट्री के पास मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि मृतक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगलौर कोतवाली पुलिस के अनुसार, अनिल कुमार (48) निवासी ग्राम शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर अपने 24 वर्षीय पुत्र वंश के साथ मंगलवार दोपहर बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर से रुड़की की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गंगनहर पटरी मार्ग पर राना स्टील फैक्ट्री के समीप पहुंची तो बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि वंश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना होते ही राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और उन्होंने सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।

