
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से नारी शक्ति वंदन अधिनियम और महिला सशक्तिकरण के विषय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा किरन पंत ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है, जिससे नीति निर्धारण और नेतृत्व में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है और महिलाएं अब विकास की सक्रिय भागीदार बन रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत अभियान से महिलाओं की गरिमा को बल मिला है, वहीं उज्ज्वला योजना के जरिए उन्हें धुएं से राहत मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, जन धन योजना और मुद्रा योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन 112 और वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाएं महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण साबित हुई हैं। अन्य वक्ताओं ने भी महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ने की बात कही। पत्रकार वार्ता में पूनम पालीवाल, कविता साह, कमला तिवारी और ममता शाह मौजूद रहीं।

