
पौड़ी। जिला मुख्यालय में पुराने जेल गदेरे के पास एक दुकान के बाहर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कार का शीशा नाई के हाथ से टकराने के बाद शुरू हुए विवाद में नाई ने कैंची से हमला कर चालक को घायल कर दिया।
घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंच गए, जहां काफी देर तक हंगामा हुआ। कुछ लोग एसएसपी कार्यालय भी पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि विवाद के दौरान एक पुलिसकर्मी ने एक युवक को थप्पड़ मारा। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मी और मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विवाद के बाद कुछ लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ कर सामान सड़क पर फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें समेट लीं। बाद में कुछ महिलाओं द्वारा भी दुकान में तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मामले में अब्दुल राऊफ, मुज्जमिल, मोहम्मद जायद और मोहम्मद आकिफ, सभी निवासी अपर बाजार, को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ सदर तुषार बोरा ने बताया कि मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

