
अल्मोड़ा। ताड़ीखेत विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मटीलाधूरा में शनिवार को फूलदेई पर्व उत्साह और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। रविवार का अवकाश होने के कारण विद्यालय परिवार और स्थानीय समुदाय ने पर्व को एक दिन पहले ही मनाया। इस दौरान पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा में सजे बच्चों ने विद्यालय की देहरी का पूजन कर ‘फूल देई, छम्मा देई’ के जयघोष के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। पर्व के अवसर पर बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए ‘मेरी टोकरी सबसे न्यारी’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने प्योली, बुरांश, आड़ू, मेहल और पुलम के ताजे फूलों से अपनी टोकरियों को आकर्षक ढंग से सजाया। प्रतियोगिता में कक्षा पांच के शिवम मटियाल ने प्रथम, पंकज बिष्ट ने द्वितीय और हितेश बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपनी हस्तनिर्मित दीवार पत्रिका का भी प्रकाशन किया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पुष्प होली रही, जिसमें फूलों की वर्षा के बीच बच्चों ने बसंत के आगमन का उल्लास व्यक्त किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक भास्कर जोशी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पान सिंह भंडारी सहित अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा को लोक संस्कृति और प्रकृति से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की गई।


