
देहरादून। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लावण्या को आत्महत्या के लिए उकसाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होने तक प्रदेश भर में आंदोलन जारी रखेगा। वहीं इंसाफ की मांग कर रहे अभाविप पदाधिकारियों की गिरफ्तारी और उन पर मुकदमे दर्ज होने का भी विरोध किया जाता रहेगा। बुधवार को प्रदेश मंत्री काजल थापा ने करणपुर स्थित प्रांत कार्यालय में यह बात कही।
काजल थापा ने कहा कि अभाविप का हर एक कार्यकर्ता लावण्या को न्याय दिलाने के लिए पूरे देश में संघर्ष कर रहा है। तमिलनाडु सरकार के मुख्यमंत्री आवास के बाहर शांति पूर्ण रुप से धरना प्रदर्शन कर रहे अभाविप की राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी व अन्य कार्यकर्ताओं पर झूठी धाराएं लगाने का भी विरोध किया। कहा कि पूरे प्रांत भर में तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेंगे, जब तक कि लावण्या को न्याय नहीं मिल जाता। प्रदेश सह मंत्री ऋषभ रावत ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऐसे शिक्षण संस्थानों का भी विरोध करती है जो शिक्षा देने की आड़ में साम्प्रदायिकता फैला रहे हैं। प्रेस वार्ता में जिला संयोजक चंदन नेगी व जिला सह संयोजक किरण कठायत उपस्थित रहे।

