
रुडक़ी। रुडक़ी के खानपुर के दल्लावाला गांव में चार दिन पूर्व की गई बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहे चार में से दो आरोपियों को पुलिस टीम ने लक्सर से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक कटर व एक लाठी बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। लक्सर के पुलिस उपाधीक्षक विवेक कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि खानपुर थाने के दल्लावाला गांव निवासी सुरेशपाल व मांगेराम सगे भाई हैं। तीन साल पहले मांगेराम के बेटे सोकेस की हत्या हो गई थी। इसके बाद सोकेस की पत्नी की दूसरी शादी सुरेशपाल के बेटे अमित से करा दी गई थी। इसके बाद मांगेराम का वारिस न होने की वजह से उसकी जमीन को लेकर सुरेशपाल की उससे रंजिश चल रही थी। इसी 3 जुलाई को इसी रंजिश के चलते सुरेशपाल व उसके बेटे गुरदीप, अमित व अंकित ने धारदार हथियारों से काटकर मांगेराम की पत्नी कमलेश की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद चारों आरोपी फरार हो गए थे। मांगेराम की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी हरिद्वार ने एसओ खानपुर अभिनव शर्मा के साथ एसआई आशीष शर्मा, आशीष नेगी, विनोद भट्ट, उपेंद्र सिंह, कल्पना शर्मा के अलावा सिपाही राजीव कुमार, सुधीर कुमार, धर्मवीर सिंह, सुष्मिता रावत, रितु, सीआईयू प्रभारी एसआई जहांगीर अली, सिपाही यशवंत खत्री, अशोक कुमार व महीपाल सिंह की टीम बनाई थी। बीती रात टीम ने लक्सर सीमेंट फैक्ट्री के पास से आरोपी गुरदीप व अमित को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त कटर व एक लाठी बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है। एसओ शर्मा ने बताया कि बाकी दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।

