
अल्मोड़ा। जिला पंचायत की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 74.90 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में सदस्यों ने बजट से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपने विचार रखते हुए जिले के विकास, जनहित से जुड़े कार्यों और पंचायत की भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान कुछ सदस्यों ने बजट के समय और उसके अनुमान को लेकर आपत्तियां भी जताईं तथा कार्यवाही के दौरान बीच-बीच में अवरोध उत्पन्न हुआ। इस पर सदन में स्पष्ट किया गया कि प्रस्तुत बजट केवल अनुमानित बजट है, जिसे सदन से पारित किया जाना आवश्यक होता है। इसके बाद ही शासन स्तर से जिला पंचायत को वित्तीय वर्ष के लिए बजट का विधिवत आवंटन किया जाता है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल सके।
स्पष्टीकरण के बाद सदन में उपस्थित सदस्यों के सहयोग से बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई और अंततः आपसी सहमति से बजट पारित किया गया। बैठक में जिला पंचायत के विकास कार्यों, जनसुविधाओं के विस्तार तथा पंचायत की आय बढ़ाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई और आगामी वित्तीय वर्ष में जनहित से संबंधित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, पर्यटन, बाल विकास, वन, उद्यान, कृषि और क्रीड़ा विभागों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की गई। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं, जिस पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने की, जबकि संचालन अपर मुख्य अधिकारी राजेश कुमार ने किया। बैठक में विधायक मोहन सिंह मेहरा, विभिन्न ब्लॉक प्रमुख, सभी जिला पंचायत सदस्य तथा मुख्य विकास अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



