
अल्मोड़ा। कोतवाली अल्मोड़ा और ऑपरेशन स्माइल टीम ने गुमशुदा 15 वर्षीय नाबालिग बालक को हरियाणा के सोनीपत से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और आभार जताया। धारानौला क्षेत्र निवासी एक युवक ने बीती 03 अप्रैल को अपने छोटे भाई के घर से बिना बताए लापता होने की सूचना दी थी। इस पर कोतवाली अल्मोड़ा में मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय तथा प्रभारी महिला कोतवाली एवं ऑपरेशन स्माइल टीम की प्रभारी जानकी भंडारी के नेतृत्व में टीम ने तलाश अभियान चलाया। सुरागरसी और तकनीकी सहायता के आधार पर टीम ने 05 अप्रैल 2026 को नाबालिग बालक को सोनीपत से बरामद कर उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। इस सफलता में अपर उपनिरीक्षक मुजम्मिल हुसैन, हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र और महिला कांस्टेबल मंजू आर्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने अल्मोड़ा पुलिस की कार्यवाही की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

