
देहरादून(आरएनएस)। गुड फ्राइडे पर मसीही समुदाय ने विभिन्न चर्चों में प्रार्थना कर प्रभु यीशु मसीह के साहस व बलिदान को याद किया। बाइबल से दुखभोग के पाठ पढ़े और 14 मुकामों का मंचन किया गया।तिब्बती मार्केट के पास स्थित सेंट फ्रांसिस कथौलिक चर्च में शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से विशेष प्रार्थना शुरू की गई। इस दौरान मुख्य फादर टाइटस और सहायक फादर कमलेश ने प्रभु यीशु मसीह के दुखभोग के बाइबल से पाठ पढ़े और व्यक्तियों को प्रभु यीशु मसीह का संदेश सुनाया। सभी ईसाई धर्म के लोगों ने प्रभु के बलिदान को याद रखते हुए उपवास रखा। प्रार्थना के बाद दुखभोग के गीत गाए और 14 मुकाम का मंचन किया। सेंट फ्रांसिस कथौलिक चर्च के उपाध्यक्ष कमल फ्रांसिस ने बताया कि शनिवार को प्रार्थना सभा ईस्टर विजिल नाइट जबकि अगले दिन रविवार को ईस्टर मनाया जाएगा। इस अवसर पर रवि फ्रांसिस, विजय विकटर, रवि कैसरी आदि लोग मौजूद रहे।राजपुर रोड स्थित सेंट थामस चर्च, सेंट मेरी चर्च क्लेमेनटाउन, मोरिसन मैमोरियल चर्च राजपुर रोड, सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च नेशविला रोड और सेंट जोंस चर्च में भी दोपहर 12 बजे के बीच विशेष प्रार्थना की गई।

