
रुद्रपुर(आरएनएस)। पुराना अस्पताल स्थित फास्ट फूड मार्केट को लेकर सोमवार को दो गुट आमने-सामने आ गए। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया। बाद में पुलिस और स्थानीय नागरिकों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच कई बिंदुओं पर सहमति बन गई। स्थानीय वार्डवासी पहले से ही फास्ट फूड मार्केट को नशेड़ियों का अड्डा बताते हुए इसका विरोध कर रहे हैं। वार्डवासियों के समर्थन में देवभूमि व्यापार मंडल ने भी मार्केट को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की मांग उठाई है। शनिवार रात फास्ट फूड मार्केट में हुए विवाद के दौरान ठेला संचालक व उसके साथियों पर पंजाबी मोहल्ला निवासी प्रदीप कबीरा पर चाकू से हमला करने का आरोप लगा था। हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना से आक्रोशित वार्डवासियों ने सोमवार को फास्ट फूड मार्केट परिसर में दरी बिछाकर धरना दिया। देवभूमि व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी उनके समर्थन में आ गए और मार्केट को हटाने की मांग दोहराई। वहीं राजीव सक्सेना ने मौके पर पहुंचकर फास्ट फूड मार्केट के समर्थन में पक्ष रखा, जिससे दोनों गुटों के बीच तनाव बढ़ गया और आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने बीच-बचाव किया। स्थानीय नागरिकों की पहल से दोनों पक्षों में बातचीत हुई और कई मुद्दों पर सहमति बनने के बाद विवाद का पटाक्षेप हो गया।

