
देहरादून। इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) में भारती इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक पॉलिसी (बीआईपी) के इंडिया डाटा पोर्टल (आईडीपी) की ओर से शनिवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब के सहयोग से कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें उत्तराखंड में पत्रकारों के लिए ‘समाचार बनाने एवं प्रस्तुत करने के लिए खुले डाटा का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पत्रकारिता में डाटा का उपयोग करने और www.indiadataportal.com का प्रयोग कर आकर्षक विज़ुअलाइज़ेशन के माध्यम से डाटा प्रस्तुत करने, खबर को रोचक और तथ्यपरक बनाने की जानकारी दी गई।
बीआईपीपी में इंडिया डाटा पोर्टल की सीनियर कंसल्टेंट (कम्युनिकेशन एंड आउटरीच) दीप्ति सोनी ने कहा कि पोर्टल में केंद्र और राज्य की सार्वजनिक एजेंसियों और सरकारी विभागों से लिए गए डाटासेटों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है। कोई भी पत्रकार अपने समाचार में प्रयोग करने के लिए इसमें उपलब्ध सभी तरह के डाटा का प्रयोग कर सकता है। स्टोरी में उपयुक्त विज़ुअलाइज़ेशन देकर इसे पाठकों के लिए और अधिक आकर्षक बना सकता है। साथ ही यह गलत सूचना और फर्जी खबरों की आशंका को भी काफी कम करने में मददगार साबित हो सकता है। कंसल्टेंट उपेंद्र सिंह ने कहा कि भविष्य में भी उत्तराखंड के पत्रकारों के लिए इस तरह की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। प्रेस क्लब अध्यक्ष जितेंद्र अंथवाल, महामंत्री ओपी बेंजवाल ने आईडीपी के दोनों कंसल्टेंटों और कार्यशाला में शामिल हुए पत्रकारों व एसजीआरआर विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग की शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज डाटा का प्रयोग पत्रकारों के लिए और भी महत्वपूर्ण हो गया है। इस दौरान एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आशाबाला, डॉ. आरती भट्ट, पूर्व अध्यक्ष नवीन थलेड़ी, भूपेंद्र कंडारी, पूर्व महामंत्री संजीव कंडवाल, उपाध्यक्ष गीता मिश्रा, कार्यकारिणी सदस्य सोबन सिंह गुसाईं, राजकिशोर तिवारी, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, संप्रेक्षक विनोद पोखरियाल, सदस्य नूतन वरूण व नेहा बिष्ट आदि मौजूद रहे।

