
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विधानसभा सोमेश्वर एवं जागेश्वर क्षेत्र से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 04 जुलाई 2021 से अब तक की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रगति पर चल रही योजनाओं की अद्यतन स्थिति नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की सतत समीक्षा करने और कार्यों में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी विभागों को निर्धारित प्रारूप में अद्यतन सूचनाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उच्च स्तर की बैठकों में सटीक जानकारी प्रस्तुत की जा सके। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी प्रगति आख्या प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

