
राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बाद हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए भी उत्तराखंड रोडवेज की बसे यात्रियों को सेवा देगी। उत्तराखंड परिवहन निगम महाप्रबंधक दीपक जैन ने बुधवार को आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पहले उत्तराखंड सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सितंबर के आखिरी हफ्ते में 5 राज्यों के लिए बसों के संचालन की अनुमति दे दी थी। उसके बाद से परिवहन निगम लगातार दूसरे राज्यों के लिए बसों के संचालन की व्यवस्था बना रहा है। लंबे वक्त से हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए बसों के संचालन का इंतजार था।
महाप्रबंधक दीपक जैन ने निर्देश दिए हैं कि उत्तराखंड सरकार द्वारा कोविड सुरक्षा को देखते हुए जो भी नियम बनाए हैं, उनका अनुपालन अनिवार्य हैं। हिमाचल के शिमला , धर्मशाला, मनाली, पांटा के लिए बस सेवा लोगों को मिलेगी। इसके अलावा पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर, जालन्धर के लिए तो हरियाणा गुड़गांव, फरीदाबाद, सिरसा, हिसार, कैथल, अंबाला व चंडीगढ़ के लिए बसों का संचालन गुरुवार से शुरू होगा।


