
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जनपद पुलिस का जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने सैनिक कल्याण बोर्ड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर भूतपूर्व सैनिकों को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस दौरान डिजिटल अरेस्टिंग, फर्जी कॉल और ओटीपी फ्रॉड जैसे मामलों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस ने उपस्थित लोगों को सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति भी जागरूक किया। साथ ही उन्हें सलाह दी गई कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या व्यक्ति पर तुरंत विश्वास न करें और अपनी व्यक्तिगत तथा बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में यातायात नियमों, नशे के दुष्प्रभाव, नए आपराधिक कानूनों और किरायेदार व मजदूरों का पुलिस सत्यापन कराने की आवश्यकता के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जैसे 112, मानस हेल्पलाइन 1933, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1090 और आपदा हेल्पलाइन 1070 के बारे में भी विस्तार से बताया।



