
बागेश्वर। गरुड़ क्षेत्र में हुई लूट की घटना का बैजनाथ पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई दस हजार रुपये की धनराशि भी बरामद की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती 2 फरवरी को गरुड़ क्षेत्र में लूट की घटना सामने आई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर 5 फरवरी को कोतवाली बैजनाथ में प्राथमिकी संख्या 03/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 351(2) और 352 में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए गए। कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने सुरागरसी, पतारसी और साक्ष्यों के आधार पर गुरुवार को मुकदमे से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 3(5) की वृद्धि भी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्षित लोहनी, निवासी ग्राम दर्शानी, थाना बैजनाथ और मनीष सिंह मेहरा उर्फ थापू, निवासी तैलीहाट, कोतवाली बैजनाथ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मनीष सिंह मेहरा के विरुद्ध पूर्व में कोतवाली बैजनाथ और कोतवाली कौसानी में दर्ज आपराधिक मामले हैं, जबकि हर्षित लोहनी के खिलाफ भी कोतवाली बैजनाथ में लूट से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से मुकदमे से संबंधित दस हजार रुपये की नकद राशि बरामद की है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक भट्ट, उपनिरीक्षक उमेश रजवार, कांस्टेबल घनश्याम सिंह रौतेला, नरेंद्र राणा, नरेंद्र ढोक्ती और नरेंद्र कुमार शामिल रहे।

