
हरिद्वार(आरएनएस)। चारधाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने मंगलवार को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीआर क्षेत्र सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क के किनारे अवैध रूप से लगाए गए 50 से अधिक रेहड़ी-ठेली और फड़ हटाए गए। इसके अलावा रोडीबेलवाला और दीनदयाल पार्किंग से हरकी पैड़ी मार्ग तक कब्जे हटाए गए। प्रशासन की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान सड़क और पैदल मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित होता है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन चौहान समेत नगर निगम, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी एवं भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

