
हरिद्वार। घटना शुक्रवार देर रात की है। पेट्रोल से भरा एक टैंकर नजीबाबाद से सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई के लिए जा रहा टैंकर जैसे ही कनखल क्षेत्र में होटल गंगा रिवेरा के पास पहुंचा तो उस पर से चालक ने नियंत्रण खो दिया। परिणाम स्वरूप टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें से पेट्रोल की धार फूट पड़ी। देखते ही देखते पूरी सड़क पर पेट्रोल ही बहने लगा । टैंकर पलटने की सूचना मिलने पर एसओ कनखल दीपक तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हाईवे से सटी सर्विस लेन को आवाजाही के लिए बंद करते हुए दमकल विभाग को सूचना दी।कुछ ही देर में दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए । उन्होंने पेट्रोल जहां तक बहा था ,उस हिस्से तक फोम डालकर पेट्रोल को निष्क्रिय किया।एसओ कनखल ने बताया कि क्रेन की मदद से टैंकर को खड़ा किया गया । चालक को हल्की-फुल्की ही चोट आई। टैंकर मे 18 हजार लीटर पेट्रोल था। टंकर हरिद्वार के ही सहगल पेट्रोल पंप का नाम बताया जा रहा है।

