
चम्पावत(आरएनएस)। पाटी ब्लॉक के दूरस्थ गांव गौलडांडा ग्राम पंचायत के नौलियागांव तोक में तड़के करीब तीन बजे दो मकानों में आग लग गई। आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। घर के अंदर सो रहे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया। आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। गौलडांडा के प्रधान प्रतिनिधि कैलाश सिंह गैड़ा ने बताया कि नौलियागांव निवासी जगत सिंह चिलवाल और हरूली देवी के मकान में बुधवार तड़के तीन बजे आग लग गई। भीषण आग से मकान और अंदर रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घर के अंदर सो रहे लोगों और गोठ में बंधे जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और पाटी की एसडीएम रिंकू बिष्टू के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। पाटी के रजिस्ट्रार कानूनगो मनोज गहतोड़ी ने बताया कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। आग बुझाने वालों में जगत सिंह, दीपक नौलिया, केशर नौलिया, दुर्गा सिंह, राम सिंह, गंगा सिंह आदि शामिल रहे।

