
विकासनगर। जौनसार बावर जनजाति कल्याण समिति दिल्ली ने क्षेत्र के एक पूर्व प्रमुख सचिव द्वारा की गई भूमि सुधार अधिनियम में संशोधन की मांग का विरोध किया है। इस संबंध में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दिए ज्ञापन में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित जौनसार बावर भवन के निर्माण सबंधित कार्य योजना से भी अवगत कराया। समिति ने मुख्यमंत्री से इस सबंध में राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। जौनसार बावर जन कल्याण समिति दिल्ली ने ज्ञापन में समिति की ओर से पिछले दो दशकों से किये जा रहे सामाजिक सांस्कृतिक क्रिया कलापों की जानकारी दी। समिति की विवरणिका व जौनसारी परिधान चौडा मुख्यमंत्री को भेंट किया। समिति ने जनजातीय क्षेत्र में स्थित राष्ट्रीय एवं राज्यमार्गों के दोनों ओर बाहरी व्यक्तियों की जमीन खरीद फरोख्त करने के लिए जमींदारी उन्मूलन एवं भूमि सुधार अधिनियम 1956 की संबंधित धाराएं समाप्त करने की एक पूर्व प्रमुख सचिव की मांग का विरोध किया। कहा कि ऐसा करने जौनसारी मूल के निवासियों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

