
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड (बीटीसी) में पार्किंग शुल्क लेने पर ऑटो चालक भड़क गए। उन्होंने शुल्क को आर्थिक उत्पीड़न बताते हुए नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। एक स्वर में पार्किंग शुल्क में छूट देने की मांग की।
नगर निगम ऋषिकेश प्रशासन ने बीते रविवार से दुपहिया, तिपहिया और प्राइवेट चार पहिया वाहनों के लिए बीटीसी में पार्किंग शुल्क निर्धारित कर दिया है। शुल्क लागू होने के एक दिन बाद ही मामला गर्मा गया। सोमवार को पार्किंग कर्मियों ने ऑटो चालकों को बीटीसी में प्रवेश पर पार्किंग शुल्क की जानकारी दी। इस पर ऑटो चालकों ने नाराजगी जतायी।
बताया जा रहा कि पार्किंग कर्मियों ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि पार्किंग शुल्क सभी के लिए लागू किया गया है। बीटीसी में वाहन पार्क करने पर निर्धारित पार्किंग शुल्क देना होगा। इस सूचना के बाद ऑटो चालक बीटीसी में एकत्रित हुए। पार्किंग शुल्क की खिलाफत करते हुए नगर निगम प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे ऑटो चालकों ने कहा कि अभी कोरोना की मार से नहीं उबरे हैं। धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है तो पार्किंग शुल्क थोपकर आर्थिक बोझ डालने का काम किया जा रहा है। ऑटो चालकों ने नगर निगम प्रशासन से पार्किंग शुल्क में रियायत देने की मांग की है।

