
देहरादून। छात्रों के कमरे से मोबाइल, लैपटॉप, बाइक समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जिस वक्त दबोचा गया तो वह चोरी किया सामान बेचने जा रहा था। राजपुर थानाध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि लारा सिंह पुत्र राजकुमार मूल निवासी शेरपुर, झबरोड़ा हरिद्वार और निर्वाल पुत्र तेजेंद्र सिंह निवासी शिव विहार, कैराना, पानीपत हाल में किशनपुर, कैनाल रोड पर किराए पर रहते हैं। बताया कि रविवार को वह अपने कमरे में सोए हुए थे। सोकर उठे तो कमरे से उनके मोबाइल फोन, लैपटॉप, नगदी और बाइक चोरी हो गई थी। इसे लेकर उन्होंने राजपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की। राजपुर थानाध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि चोरी के आरोपी को सोमवार को मालसी डीयर पार्क के पास से चोरी की बाइक और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान राहुल पुत्र बलवीर निवासी सासौ पट्टी, मवालस्यू, खिरखू जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। आरोपी चोरी की बाइक को बेचने के लिए एक भी एक दो स्थानों पर गया। लेकिन, कोई ग्राहक नहीं मिला।

