
रुडक़ी। लक्सर में बंद पड़े धान मिल चौकीदार की बदमाशों ने धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाश मिल में रखी एक बाइक, दो बैटरियां, गैस का चूल्हा और सिलेंडर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मृतक के बेटे की ओर से मुकदमा दर्ज कर रही है। शामली निवासी संदीप सिंघल ने लक्सर के अकबरपुर ऊद में धान मिल लगा रखी है। ऑफ सीजन में करीब चार महीने से मिल बंद पड़ी थी। शामली के ही बाबरी का पालेराम (80) पुत्र गंगाराम मिल में चौकीदारी करता था। शुक्रवार रात बदमाश दीवार फांदकर मिल में घुसे और चौकीदार को दबोच लिया। बदमाशों ने चौकीदार के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद बदमाश मिल में रखी एक बाइक, दो बैटरियां, गैस का चूल्हा और सिलेंडर लेकर फरार हो गए। मिल में खाना पकाने वाला काफलीगैर (बागेश्वर) का गणेश और लक्सर का नरेंद्र शनिवार को मिल में पहुंचे तो उन्हें चौकीदार मरा पड़ा मिला। उनसे जानकारी मिलने पर संदीप ने पुलिस को सूचना दी। इस पर सीओ बीएस चौहान, प्रशिक्षु सीओ परवेज अली व अस्मिता ममगाईं, कोतवाल प्रदीप चौहान, एसएसआई मनोज सिरोला पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव का कब्जे में ले लिया।
इस दौरान शामली से मिल मालिक व मृतक का बेटा भी वहां पहुंच गए थे। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे राजकुमार ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल चौहान ने बताया कि तहरीर पर हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज देखकर हत्यारों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

