
लखनऊ।(आरएनएस) कैंट बनिया चौराहे के पास एकांत में खड़ी कार से महिला और पुरुष के शव बरामद हुए। महिला के सीने और पुरुष की कनपटी पर गोली मारी गई थी। सुनसान जगह पर कार खड़ी देख गश्त कर रहे सैन्यकर्मियों ने कार में शव पड़े देख पुलिस को सूचना दी थी। जिसके बाद पुरुष के शव की पहचान हुई। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या करने के बाद पुरुष ने गोली मार कर खुदकुशी की है।
एडीसीपी पूर्वी सै. कासिम आब्दी के मुताबिक बनिया चौराहे के पास कार में दो शव मिले हैं। कार सैन्यकर्मी संतोष कुमार के नाम है। रजिस्ट्रेशन नम्बर के आधार पर छानबीन करते हुए पुलिस संतोष के घर पहुंची थी। जहां पता चला कि कुछ वक्त पहले संतोष ने कार कैंट रामदास हाता निवासी संजय निगम को बेची थी। इस पर पुलिस रामदास का हाता पहुंची। जहां किराएदार मिले। उन्होंने बताया कि संजय निगम गोमतीनगर में रहते हैं। उनके परिवार से सम्पर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
एडीसीपी के अनुसार सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची थी। कार का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर दोनों सीटें पीछे की तरफ झुकी हुईं मिली। जिन पर संजय और महिला के शव पड़े थे। पिस्टल संजय के दाहिने हाथ में फंसी हुई थी। उन्होंने बताया कि महिला की छाती में और संजय की कनपटी के पास गोली लगी है। इस आधार पर महिला की हत्या कर संजय के खुदकुशी करने का शक है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही संजय के परिवार से महिला के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने खोला कार का दरवाजा
पुलिस ने काफी देर तक कार को हाथ नहीं लगाया और फॉरेंसिक टीम का इंतजार करती रही। देर रात में फॉरेंसिक टीम के आने पर किसी तरह कार का दरवाजा खोला गया और साक्ष्य संकलन किए गए। उधर, तेलीबाग में छानबीन के दौरान पता चला कि सैन्यकर्मी संतोष शर्मा के नाम उनके मित्र कैंट निवासी संजय निगम ने वह गाड़ी खरीदी थी। इसके बाद पुलिस राम दास का हाता कैंट स्थित संजय के मकान पर पहुँची तो पता चला कि संजय ने अपना घर किराए पर दे रखा है और गोमतीनगर में रहते हैं। देर रात पुलिस गोमतीनगर पहुँची और संजय के घरवालों से संपर्क करने का प्रयास किया। देर रात तक महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस कई बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।


